नए भारत की नई आवाज बनी सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल की स्वतंत्रता दिवस समारोह

भोपाल। सेंट जोसेफ कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ईदगाह हिल्स में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, देशभक्ति और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस वर्ष समारोह की थीम ‘नए भारत की नई आवाज’ रही। विद्यार्थियों ने भारत की आठ दशकों की विकास यात्रा और उपलब्धियों को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

समारोह की मुख्य अतिथि विद्यालय की पूर्व छात्रा भाव्या त्रिपाठी रहीं। वे वर्ष 2011 बैच की छात्रा हैं और एमपीपीएससी परीक्षा में राज्य में सातवीं रैंक हासिल कर मध्यप्रदेश प्रशासनिक सेवा में डिप्टी कलेक्टर के रूप में सेवाएं शुरू कर चुकी हैं। वर्ष 2025 में उन्हें मध्यप्रदेश स्टेट फार्मेसी काउंसिल की रजिस्ट्रार के रूप में पदस्थ किया गया।

मुख्य अतिथि के विद्यालय पहुंचने पर स्कूल बैंड ने बिगुल की धुन और जनरल सैल्यूट के साथ उनका स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने प्राचार्य डॉ. सिस्टर लिली एवं स्पोर्ट्स ऑफिसर रवदीप सिंह मल्हारी के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रगान के बाद विद्यालय बैंड ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया।

समारोह में विद्यार्थियों ने देश की एकता, संस्कृति और विकास को दर्शाती विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। केजी विद्यार्थियों के देशभक्ति गीत पर नृत्य, कोयर की प्रस्तुति, ओडिशा के संबलपुर की लोक संस्कृति पर आधारित लोकनृत्य और भारतीय शास्त्रीय नृत्य के माध्यम से वन संरक्षण एवं सतत विकास का संदेश आकर्षण का केंद्र रहा।

आठ दशकों की विकास यात्रा का मंचन

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘नए भारत की नई आवाज’ पर आधारित ग्रैंड फिनाले रहा। विद्यार्थियों ने संगीत, नृत्य, अभिनय, वाचन और मंचीय प्रस्तुतियों के जरिए भारत की आठ दशकों की विकास यात्रा को जीवंत किया। विज्ञान, कृषि, प्रौद्योगिकी, आर्थिक विकास, सामाजिक सुधार, एयरोनॉटिक्स, रक्षा, आत्मनिर्भरता और डिजिटल क्रांति सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश की उपलब्धियों को प्रस्तुत किया गया।

मुख्य अतिथि भाव्या त्रिपाठी ने विद्यार्थियों से अपने मूल्यों को मजबूत बनाए रखने, बड़े सपने देखने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इंटरनेट और सोशल मीडिया के दौर में भी शिक्षक, पुस्तकें और विद्यालय का वातावरण ज्ञान एवं मार्गदर्शन के महत्वपूर्ण स्रोत हैं।

प्राचार्य डॉ. सिस्टर लिली ने मुख्य अतिथि को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का समापन प्रधानमंत्री सौम्या गुप्ता के आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। समारोह ने विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव, सामाजिक जिम्मेदारी और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *