गर्लफ्रेंड को लग्जरी लाइफस्टाइल दिखाने के लिए चुराई कार, बागसेवनिया पुलिस ने दबोचे दो आरोपी

भोपाल। प्रेमिका को प्रभावित करने और लग्जरी लाइफस्टाइल का दिखावा करने के लिए कार चोरी करने वाले दो आरोपियों को बागसेवनिया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की कार बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार बीती रात तेज बारिश के दौरान थाना बागसेवनिया क्षेत्र में पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान आरक्षक राघवेंद्र यादव और राम प्रताप यादव को एक संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस को देखकर कार सवार युवक भागने लगे, जिस पर जवानों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सुनील मीणा और शिवम मेहरा बताया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने सेंचुरी अपार्टमेंट निवासी अपने पूर्व मकान मालिक की कार चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि वे अपनी प्रेमिका के सामने रुतबा दिखाने और लग्जरी जीवनशैली प्रदर्शित करने के लिए कार चोरी की योजना बना रहे थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी करीब तीन माह से चोरी की योजना बना रहे थे। बागसेवनिया पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर चोरी की कार जब्त कर ली है। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों और चोरी के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *