देवशयनी एकादशी पर साहू समाज का सुंदरकांड पाठ और भजन संध्या 25 जुलाई को

भोपाल। नवयुवक मंडल साहू समाज भोपाल द्वारा देवशयनी एकादशी के पावन अवसर पर 25 जुलाई को रात्रि 7 बजे से श्री लक्ष्मीनारायण साहू समाज मंदिर, माँ कर्मा देवी रोड, घोड़ा निक्कास में भव्य सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान के साथ श्री रामचरितमानस के सुंदरकांड पाठ से होगी। इसके बाद भजन गायक रुपेश राज एवं हरीश कुशवाहा भक्तिमय प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन भगवान श्रीराम और संकटमोचन हनुमान जी की आराधना को समर्पित रहेगा।

सुंदरकांड पाठ के उपरांत 111 दीपकों से भगवान श्रीराम एवं हनुमान जी की महाआरती की जाएगी तथा श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की जाएगी।

नवयुवक मंडल साहू समाज ने बताया कि यह उनका पहला सामूहिक धार्मिक आयोजन है, जिसका उद्देश्य समाज में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक एकता को मजबूत करना तथा युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ना है।

मंडल ने समाज के पदाधिकारियों, समाजजनों एवं भोपाल के सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *