
भोपाल। भोजपाल सेन समाज भोपाल (रजि.) संचालित श्री राधा कृष्ण मंदिर, श्री सेन समाज मंदिर, दुर्गा चौक तलैया में श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कथा का आयोजन 7 जून 2026 से 13 जून 2026 तक किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुजन प्रतिदिन सायं 4 बजे से हरि इच्छा तक कथा अमृत का श्रवण करेंगे।
कथा व्यास पंडित श्री कृष्ण मुरारी शर्मा जी अपने श्रीमुख से श्रीमद् भागवत कथा का रसपान कराएंगे। आयोजन स्थल श्री राधाकृष्ण मंदिर, श्री सेन मंदिर, दुर्गा चौक, तलैया, श्री कृष्णा मंदिर रोड, भोपाल रहेगा।
आयोजन की शुरुआत 7 जून 2026, रविवार को भव्य कलश यात्रा से होगी। कलश यात्रा सायं 4 बजे मां भवानी मंदिर से प्रारंभ होकर इब्राहिमपुरा मार्ग से होते हुए श्री राधाकृष्ण मंदिर पहुंचेगी। भोजपाल सेन समाज द्वारा समस्त सनातन धर्म प्रेमियों एवं श्रद्धालुओं से सपरिवार शामिल होने का आग्रह किया गया है।
कथा कार्यक्रम के अंतर्गत 8 जून को ब्रह्मबोध चरित्र, 9 जून को शुकोपदेश, 10 जून को श्रीकृष्ण महोत्सव, 11 जून को माखन चोरी एवं गोवर्धन पूजा, 12 जून को महारास एवं रुक्मणी विवाह तथा 13 जून को सुदामा चरित्र, व्यास पूजा, पूर्णाहुति एवं हवन-प्रसादी वितरण का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन को सफल बनाने में भोजपाल सेन समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। समाज के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सराठे, उपाध्यक्ष अशोक चौहान, सचिव रामदयाल सराठे, कोषाध्यक्ष विकास सराठे सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य आयोजन व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।