कायस्थम के चित्रगुप्त प्रकटोत्सव में शांति की कामना, भजन-संगीत के साथ सम्पन्न हुआ भव्य आयोजन

भोपाल। प्रोफेसर कॉलोनी स्थित श्री चित्रगुप्त मंदिर में कायस्थम मध्यप्रदेश द्वारा भगवान चित्रगुप्त का प्रकटोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चित्रांश समाज के लोग शामिल हुए और पूजन, हवन तथा महाआरती के बाद विश्व शांति की कामना करते हुए युद्ध की विभीषिका से मानवता को बचाने की प्रार्थना की।

कार्यक्रम में विधायक भगवान दास सबनानी और पार्षद प्रवीण सक्सेना भी शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान भक्ति और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां भजन-संगीत की प्रस्तुतियों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।

प्रसिद्ध भजन गायिका कविता सक्सेना और रत्ना खरे के साथ राकेश रायजादा, राकेश श्रीवास्तव, प्रदीप रायजादा और शैलेश श्रीवास्तव ने चित्रगुप्त जी पर आधारित भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद प्रसादी वितरण और भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर कायस्थम के अध्यक्ष प्रलय श्रीवास्तव और उपाध्यक्ष आरपी श्रीवास्तव ने अतिथियों का अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान किया और स्मृति चिन्ह स्वरूप पुस्तक भेंट की। साथ ही श्रद्धालुओं को भगवान चित्रगुप्त के कैलेंडर भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के समापन पर आतिशबाजी का आयोजन भी किया गया।

कायस्थम के पदाधिकारियों ने बताया कि अगले वर्ष इस आयोजन को और अधिक भव्य रूप दिया जाएगा। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, आमंत्रित सदस्य और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *