शाहजहांनाबाद में मेडिकल संचालक गिरफ्तार, 211 बोतल नशीला सिरप बरामद

भोपाल। शाहजहांनाबाद थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मेडिकल दुकान संचालक को बिना डॉक्टर के पर्चे के नशीला सिरप बेचते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 211 बोतल प्रतिबंधित मादक सिरप ‘ओनेरेक्स’ बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 42 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी अरबाजुद्दीन (30) निवासी बाग मुक्ति साहब, थाना टीलाजमालपुरा, अपनी ‘सिफा मेडिकल’ नामक दुकान से नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर यह सिरप बेच रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दुकान पर छापा मारकर तलाशी ली, जहां दो पेटियों में कुल 211 सीसी नशीला पदार्थ मिला, जिसमें एक पेटी सीलबंद और दूसरी खुली अवस्था में थी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट एवं म.प्र. ड्रग्स नियंत्रण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि वह नशीला पदार्थ कहां से लाता था और किन लोगों को सप्लाई करता था। पुलिस की इस कार्रवाई को नशा विरोधी अभियान के तहत महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *