प्रभात चौराहे पर नववर्ष की धूम: आतिशबाजी और देशभक्ति गीतों से गूंजा माहौल, सारंग ने दी शुभकामनाएं

भोपाल। प्रभात चौराहा पर हिंदू नववर्ष की पूर्व संध्या पर भव्य आतिशबाजी और देशभक्ति गीतों की संगीतमय प्रस्तुति के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में नववर्ष का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग शामिल हुए और विशाल भगवा ध्वज लहराते हुए नागरिकों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मंत्री सारंग ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदू नववर्ष केवल तिथि परिवर्तन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और नवचेतना का प्रतीक है। यह पर्व सनातन परंपराओं, ऋषि-मुनियों के ज्ञान और प्रकृति के साथ संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि चैत्र मास से प्रारंभ होने वाला यह नववर्ष सृष्टि के नवसृजन का प्रतीक है, जब प्रकृति स्वयं नवीन रूप में सजती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है।
मंत्री सारंग ने भारतीय पंचांग पर आधारित इस नववर्ष को वैज्ञानिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह ऋतु परिवर्तन, कृषि चक्र और जीवन संतुलन से जुड़ा हुआ है। यह पर्व हमें अपने संस्कारों और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि नववर्ष को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए इसे नई शुरुआत का संकल्प दिवस बनाएं। समाज में समरसता, स्वच्छता, सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े परिवर्तन की नींव रखते हैं और यही प्रयास देश को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान रंग-बिरंगी आतिशबाजी और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति से पूरा वातावरण उत्साह और देशभक्ति से सराबोर रहा। आकाश में बिखरती रोशनी और गीतों की गूंज ने उपस्थित जनसमूह में गर्व और उमंग का संचार किया।
इस अवसर पर पार्षद सूर्यकांत गुप्ता, अशोक वाणी, राकेश यादव, विमलेश ठाकुर, बीरेंद्र पप्पू राय, भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप शेखावत, मंडल अध्यक्ष विक्की ठाकुर, नितिन पाठक, संदीप चौकसे, सुषमा चौहान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *