नरेला में होली मिलन समारोह: मंत्री विश्वास सारंग ने रहवासियों के साथ खेली फूलों की होली

भोपाल। रंगों के पावन पर्व होली के उपलक्ष्य में गुरुवार को नरेला विधानसभा अंतर्गत सम्राट अशोक मंडल में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

समारोह के दौरान मंत्री सारंग ने क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं के साथ फूलों की होली खेली तथा पारंपरिक फाग और होली गीतों की मधुर धुनों का आनंद लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं। मंत्री सारंग के आत्मीय और स्नेहपूर्ण व्यवहार से पूरे आयोजन में उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर अपने संबोधन में मंत्री सारंग ने कहा कि होली केवल रंगों और उत्साह का पर्व नहीं है, बल्कि यह सामाजिक समरसता, आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने का प्रतीक भी है। यह पर्व समाज में सकारात्मकता और सद्भावना का संदेश देता है तथा लोगों को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि नरेला विधानसभा में सभी त्योहार परंपरा और भाईचारे के साथ मनाए जाते हैं, जो क्षेत्र की सांस्कृतिक समृद्धि और सामाजिक एकता का परिचायक है।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने मंत्री सारंग का पुष्पमालाओं से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। समारोह में पुष्पवर्षा, ढोल-ताशों की गूंज और आतिशबाजी के बीच होली उत्सव का आनंदमय माहौल देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने मंत्री श्री सारंग के साथ मिलकर गुलाल और फूलों की होली खेली तथा फाग गीतों के साथ इस पर्व की खुशियां साझा कीं।

समारोह में स्थानीय कलाकारों द्वारा भगवान राधा-कृष्ण की मनोहारी झांकी और रासलीला की प्रस्तुति भी दी गई, जिसने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। इसके अलावा कलाकारों ने पारंपरिक भजन, लोकगीत और होली से जुड़े सांस्कृतिक नृत्यों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बना दिया। दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साहवर्धन किया।

उल्लेखनीय है कि नरेला विधानसभा क्षेत्र में प्रतिवर्ष पारंपरिक रूप से होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाता है। यह आयोजन सामाजिक समरसता, आपसी सौहार्द और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *