भोपाल। राजधानी के कोहेफिजा थाना क्षेत्र में गैस सिलेंडर चोरी का मामला सामने आया है। घर की पार्किंग में रखे चार सिलेंडर अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। खास बात यह है कि देशभर में रसोई गैस को लेकर पहले से ही किल्लत और महंगाई की चर्चा के बीच इस तरह की चोरी की घटनाएं लोगों की चिंता बढ़ा रही हैं।
पुलिस के अनुसार फरियादी रॉबिन जैन (40) निवासी ओमशिवनगर, लालघाटी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 15 मार्च को सुबह करीब 9 बजे जब उन्होंने घर की पार्किंग देखी तो वहां रखे गैस सिलेंडर गायब थे। जांच करने पर पता चला कि एक भरा हुआ भारत गैस सिलेंडर और तीन खाली इंडेन गैस सिलेंडर चोरी हो गए हैं।
फरियादी के मुताबिक यह वारदात 15 मार्च की रात करीब 12:30 बजे की है। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में तीन अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से आते दिखाई दे रहे हैं, जो पार्किंग से सिलेंडर उठाकर फरार हो जाते हैं। चोरी गए सिलेंडरों की कुल कीमत करीब 6 हजार रुपये बताई गई है।
बताया जा रहा है कि देश के कई हिस्सों में गैस सिलेंडर की उपलब्धता और कीमतों को लेकर चर्चा चल रही है, ऐसे में राजधानी भोपाल में सिलेंडर चोरी की यह घटना लोगों के बीच नई चिंता का कारण बन गई है।
कोहेफिजा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 303(2) के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।