मध्य पूर्व तनाव का असर भोपाल के बाजारों पर, दाल, मसाले, ड्राई फ्रूट्स और खाद्य तेल के दाम बढ़े, शादी सीजन का खर्च भी बढ़ सकता है

भोपाल। मध्य पूर्व में बढ़ते ईरान–इज़रायल–अमेरिका तनाव का असर अब राजधानी भोपाल के बाजारों में भी दिखने लगा है। अंतरराष्ट्रीय हालात और सप्लाई प्रभावित होने के कारण दाल, मसाले, ड्राई फ्रूट्स और खाद्य तेलों के दामों में तेजी दर्ज की जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि यदि स्थिति लंबे समय तक बनी रही तो आने वाले दिनों में कीमतों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
भोपाल किराना व्यापारी महासंघ के महामंत्री एवं कैट के पूर्व प्रवक्ता विवेक साहू ने बताया कि दालों के बाजार में तेजी बनी हुई है। हरी मूंग करीब 100 रुपये प्रति क्विंटल, मसूर 100 रुपये, चना 150 रुपये, मूंग मोगर लगभग 125 रुपये तथा चना दाल करीब 100 रुपये प्रति क्विंटल तक महंगी हुई है। तुअर दाल के भाव में भी 200 से 300 रुपये प्रति क्विंटल तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मसालों के थोक व्यापारी अनिल कुकरेजा के अनुसार मसालों के दाम भी बढ़े हैं। मिर्ची करीब 50 रुपये प्रति किलो और धनिया लगभग 40 रुपये प्रति किलो तक महंगा हो गया है।
ड्राई फ्रूट्स के थोक व्यापारी किशोर राजदेव ने बताया कि पिस्ता करीब 250 रुपये प्रति किलो, अंजीर 100 रुपये प्रति किलो, केसर लगभग 20 हजार रुपये प्रति किलो और दालचीनी करीब 5 रुपये प्रति किलो तक महंगी हो चुकी है। उनका कहना है कि पिस्ता, अंजीर और दालचीनी जैसे कई उत्पाद ईरान के रास्ते भारत आते हैं, इसलिए अंतरराष्ट्रीय तनाव का सीधा असर इनके दामों पर पड़ा है।
वहीं कुछ वस्तुओं के दामों में गिरावट भी देखी गई है। खोपरा पाउडर करीब 50 रुपये, मखाने 100 रुपये और हरी इलायची लगभग 200 रुपये प्रति किलो तक सस्ती हुई है।
पैकेजिंग व्यापार से जुड़े मोतीलाल आडवाणी ने बताया कि क्रूड ऑयल महंगा होने से कच्चे माल की कीमत बढ़ गई है, जिससे प्लास्टिक पैकेजिंग से जुड़े सामानों के दाम करीब 50 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं।
खाद्य तेल के ब्रोकर रमाकांत तिवारी और खाद्य तेल एवं शक्कर संगठन के महामंत्री कृष्ण कुमार बांगड़ के अनुसार पिछले 15 दिनों में सोयाबीन तेल करीब 14 रुपये प्रति किलो तक महंगा हुआ है। वहीं मूंगफली तेल के 15 लीटर जार की कीमत 2120 रुपये से बढ़कर करीब 2650 रुपये तक पहुंच गई है।
व्यापारियों का कहना है कि भोपाल में इस समय शादी-ब्याह का सीजन चल रहा है। कमर्शियल गैस सिलेंडर की उपलब्धता में परेशानी और खाद्य वस्तुओं के बढ़ते दामों के कारण शादी समारोह का खर्च करीब 30 प्रतिशत तक बढ़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *