भोपाल | राजधानी के थाना कजलीखेड़ा क्षेत्र अंतर्गत देवग्रीन सिटी में एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। महिला की मौत कोई आत्महत्या या हादसा नहीं, बल्कि उसके पति द्वारा की गई बेरहम हत्या थी। पुलिस ने सूचना तंत्र और तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति जितेंद्र प्रजापति को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह भोपाल छोड़कर भागने की फिराक में था।
2 मार्च 2026 को कजलीखेड़ा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। मृतिका सोनम प्रजापति का शव घर के पास एक खाली प्लॉट में पानी के बीच मिला था। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन बारीकी से जांच करने पर पुलिस का शक पति जितेंद्र पर गया। पुलिस ने जब जितेंद्र को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि जितेंद्र अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और इसी वजह से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। करीब एक महीने पहले उसने शक के चलते सोनम का मोबाइल भी तोड़ दिया था। 1 मार्च की रात मोबाइल चलाने की बात पर फिर झगड़ा हुआ, जिसमें आवेश में आकर जितेंद्र ने सोनम की कुर्ती से उसका गला दबा दिया और उसे लातें मारीं, जिससे सिर फर्श पर लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने बड़ी ही शातिर तरीके से साक्ष्य छुपाने की कोशिश की। उसने फर्श पर पड़ा खून साफ किया, मृतिका के खून से सने कपड़े उतारकर धोए और फिर से उसे पहना दिए। इसके बाद शव को गोद में उठाकर पास के खाली प्लॉट में ले जाकर रख दिया, ताकि यह लगे कि सोनम ने छत से कूदकर आत्महत्या की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छुपाने की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।