एआई समिट में कांग्रेस के प्रदर्शन पर युवा मोर्चा का विरोध; पुतला दहन कर जताया आक्रोश

भोपाल। दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को भोपाल में कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर पुतला दहन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व रविन्द्र यति और अजय पाटीदार ने किया। नेताओं ने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस प्रकार का प्रदर्शन देश की छवि को प्रभावित करने वाला है और कांग्रेस को इस मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण देना चाहिए। रविन्द्र यति ने कहा कि एआई समिट जैसे वैश्विक आयोजन में, जहां अनेक देशों के प्रतिनिधि और उद्योग जगत से जुड़े लोग उपस्थित थे, वहां इस तरह का विरोध प्रदर्शन अनुचित था। उनके अनुसार जब देश तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, तब ऐसे घटनाक्रम भारत की वैश्विक छवि पर नकारात्मक असर डाल सकते हैं। अजय पाटीदार ने कहा कि भारत कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का यह कदम राजनीतिक विरोध का हिस्सा है और इसे लेकर पार्टी को देश से माफी मांगनी चाहिए। इस दौरान युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्य ऋषि तिवारी, अमन यादव, अजय साहू, लावनी शर्मा, विवेक चौरसिया सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *