भोपाल | राजधानी के मिसरोद थाना क्षेत्र के अंतर्गत जाटखेड़ी में मामूली विवाद में एक युवक की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। एम्स अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ने वाले पवन गवई की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी बलबीर उर्फ बल्लू को जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 15 फरवरी की शाम मृतक पवन गवई अपने भांजे निखिल और आयुष के साथ किराना दुकान जा रहे थे। तभी संजय नगर जाटखेड़ी निवासी बल्लू रिछारिया ने पवन को रोका और “महाराष्ट्र से यहाँ क्यों आए” कहकर बहस शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि बल्लू ने अपने पास रखे चाकू से पवन के पेट और सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। लहूलुहान हालत में पवन को एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद थाना प्रभारी रतन सिंह परिहार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। सूचना मिली कि आरोपी 11 मील ब्रिज के नीचे छिपा है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी बलबीर उर्फ बल्लू (32) का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके विरुद्ध थाना मिसरोद में पहले से ही मारपीट, गाली-गलौज और घर में घुसकर हमला करने जैसे तीन गंभीर मामले दर्ज हैं। यह उस पर चौथा और हत्या का पहला मामला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।