साडा विरसा साडा परिवार: सिख समाज की एकता के लिए भोपाल में आयोजित हुआ एकता सम्मेलन

भोपाल। राजधानी भोपाल में सिख समाज की एकता, संगठनात्मक मजबूती और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “साडा विरसा साडा परिवार” (गलवकड़ी मुहिम) के तहत एकता सम्मेलन का आयोजन गुरु तेग बहादुर म्यूजियम में किया गया। इस विशेष बैठक में शहर की विभिन्न सिख संगतों, जथेबंदियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर समाज की एकजुटता का संदेश दिया।

सम्मेलन में मुख्य रूप से रिक्की सिंह गांधी (अध्यक्ष, युथ विंग, म.प्र. केंद्रीय श्री गुरु सिंघ सभा) और ऋषि सिंह खनूजा (उपाध्यक्ष, गुरुद्वारा गुरु नानक कॉलोनी इंदौर) विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों वक्ताओं ने संगत को संबोधित करते हुए कहा कि सिख समाज की असली ताकत उसकी एकता और आपसी विश्वास में निहित है। उन्होंने युवाओं को समाज की विरासत, संस्कृति और मूल्यों से जोड़ने तथा सामाजिक, शैक्षणिक और सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष परमवीर सिंह वजीर, अमनदीप सिंह (डिंपी), कमेटी के सदस्य, समाज के वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में संगत उपस्थित रही। वक्ताओं ने समाज के लोगों से सामाजिक सहयोग, शिक्षा के क्षेत्र में योगदान, आपदा के समय सेवा भावना और मजबूत नेटवर्किंग के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने पर बल दिया।

सम्मेलन के दौरान पंजाबी भाषा, गुरमत परंपरा और सिख इतिहास के संरक्षण पर भी विशेष चर्चा की गई। उपस्थित संगत ने एक स्वर में समाज की एकता को मजबूत करने और भविष्य में संगठित रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने सिख समाज के बीच आपसी भाईचारे, सहयोग और संगठनात्मक एकता को नई दिशा देने का कार्य किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *