एमपी पुलिस आरक्षक भर्ती: 23 फरवरी से शुरू होगा फिजिकल टेस्ट, 10 शहरों में बनाए गए केंद्र

भोपाल। आरक्षक (जीडी) एवं आरक्षक (रेडियो) भर्ती वर्ष 2025 के अंतर्गत कुल 7500 पदों के लिए मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा 30 अक्टूबर 2025 से 15 दिसंबर 2025 तक ऑनलाइन लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा का परिणाम 25 जनवरी 2026 को घोषित किया जा चुका है।

लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए भर्ती प्रक्रिया के द्वितीय चरण के अंतर्गत शारीरिक दक्षता परीक्षा 23 फरवरी से 10 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएगी। शारीरिक दक्षता परीक्षा प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से प्रारंभ होगी, जिसमें 800 मीटर दौड़, लंबी कूद एवं गोला फेंक शामिल है। साथ ही अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का परीक्षण भी किया जाएगा।
शारीरिक दक्षता परीक्षा मध्यप्रदेश के 10 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिनमें भोपाल का लाल परेड ग्राउंड, इंदौर का माउंटेड ट्रूप डिपार्टमेंट (एमटीडी) परिसर, जबलपुर का छठवीं वाहिनी विसबल परेड ग्राउंड रांझी, ग्वालियर का 14वीं वाहिनी विसबल परेड ग्राउंड कंपू, उज्जैन का महानंदा एरीना ग्राउंड, सागर का इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज बहेरिया, रीवा का 9वीं वाहिनी विसबल परेड ग्राउंड, बालाघाट का 36वीं वाहिनी विसबल फुटबॉल/हॉकी ग्राउंड, रतलाम का भगत सिंह शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जावरा तथा मुरैना का 5वीं वाहिनी विसबल परेड ग्राउंड शामिल हैं।
सभी सफल अभ्यर्थियों को कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट से सूचना पत्र डाउनलोड कर निर्धारित तिथि एवं केंद्र पर ही उपस्थित होना अनिवार्य होगा। शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान आधार ई-केवाईसी सत्यापन किया जाएगा, अतः अभ्यर्थियों को आधार कार्ड साथ लाना होगा तथा यह सुनिश्चित करना होगा कि आधार नंबर लॉक न हो। दस्तावेज सत्यापन के लिए सभी आवश्यक मूल प्रमाण-पत्र एवं उनकी स्वयं प्रमाणित छायाप्रतियां साथ लाना अनिवार्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *