
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के भोपाल जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति के नेतृत्व में शनिवार को भाजपा महिला मोर्चा, भोपाल की कार्यकर्ताओं ने बोर्ड ऑफिस चौराहा पर कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया द्वारा महिलाओं के प्रति दिए गए आपत्तिजनक, अपमानजनक और निंदनीय बयान के विरोध में प्रदर्शन कर पुतला दहन किया। इस दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी एवं कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया से सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित किए जाने की मांग की।
भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष वंदना जाचक ने कहा कि फूल सिंह बरैया का बयान केवल एक व्यक्ति की सोच नहीं, बल्कि कांग्रेस की उस विकृत मानसिकता को दर्शाता है, जो महिलाओं को सम्मान की दृष्टि से देखने में असमर्थ है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वाभिमान और गरिमा के साथ खिलवाड़ करने वालों को समाज और राजनीति दोनों स्तरों पर कठोर जवाब मिलना चाहिए।
भाजपा की वरिष्ठ नेत्री सरिता देशपांडे ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ इस तरह की भाषा लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना का सीधा अपमान है। कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी यह साबित करती है कि वह इस तरह की सोच को मौन समर्थन दे रहा है, जो अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक है।
प्रदर्शन के दौरान सीमा सक्सेना, शक्ति दुबे, सुषमा चौहान, वंदना परिहार, रुक्मणी मालवीय, बृजुला सचान, नमिता देशवाली, सुदर्शना, प्रियंका मिश्रा, सुषमा मिश्रा, आरती अनेजा, तरुणा सिंह चौहान, कामाक्षी विश्वकर्मा, सुषमा साहू, साधना यादव, सुषमा कुलश्रेष्ठ सहित भोपाल जिले की बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं और कांग्रेस विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।