महाराष्ट्र निकाय चुनावों में महायुति की प्रचंड जीत पर भोपाल में जश्न

भोपाल। महाराष्ट्र निकाय चुनावों में महायुति को मिली प्रचंड जीत के उपलक्ष्य में जिला भोपाल द्वारा भाजपा प्रदेश कार्यालय में आतिशबाजी कर एवं मिष्ठान्न वितरण कर उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी।

भाजपा जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति ने कहा कि महाराष्ट्र निकाय चुनावों में महायुति की ऐतिहासिक जीत जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास मॉडल और डबल इंजन सरकार को स्पष्ट जनादेश दिया है तथा नकारात्मक, अवसरवादी और परिवारवादी राजनीति को पूरी तरह खारिज किया है।

सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने कांग्रेस और ठाकरे बंधुओं की नकारात्मक और भ्रम फैलाने वाली राजनीति को नकारते हुए विकास, स्थिरता और जवाबदेह शासन के पक्ष में मतदान किया है। यह जनादेश इस बात का संकेत है कि जनता अब काम करने वाली और परिणाम देने वाली सरकार चाहती है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने कहा कि महायुति की यह प्रचंड विजय सुशासन, पारदर्शिता और विकासोन्मुखी राजनीति की जीत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की नीतियों और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के जनहितकारी निर्णयों के कारण शहरी विकास, आधारभूत ढांचे, स्वच्छता, जल आपूर्ति और नागरिक सुविधाओं में व्यापक सुधार हुआ है, जिसका सीधा लाभ जनता को मिला है।

विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि यह विजय भारतीय जनता पार्टी और महायुति के कार्यकर्ताओं की अनुशासित संगठनात्मक मेहनत और जनता से निरंतर संवाद का परिणाम है। बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती को जमीन पर साकार किया, जिससे यह ऐतिहासिक जनादेश संभव हुआ।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, सांसद आलोक शर्मा, महापौर मालती राय, विधायक भगवानदास सबनानी, वरिष्ठ भाजपा नेता विनोद गोटिया, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, जिला उपाध्यक्ष मनोज राठौर, जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र गुप्ता, अश्वनी राय, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अजय पाटीदार सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *