भोपाल यार्ड में तांबे की चोरी करते दो आरोपी रंगे हाथों गिरफ्तार

भोपाल रेलवे मंडल में सुरक्षा एवं सतर्कता को लेकर रेलवे प्रशासन सख्त होता जा रहा है। इसी क्रम में रेल सुरक्षा बल (RPF) की मुस्तैदी से भोपाल यार्ड क्षेत्र में तांबे की चोरी करते हुए दो युवकों को रंगे हाथों पकड़ा गया। दोनों आरोपी तांबे के तार जलाकर उसे नष्ट करने की कोशिश कर रहे थे। घटना 19 जून 2025 की सुबह की है जब पेट्रोलिंग ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक अवधेश कुमार, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र उपाध्याय एवं आरक्षक अमित कुमार पुरानी पानी टंकी के पास गश्त कर रहे थे। उसी दौरान उन्होंने दो संदिग्धों को जलते हुए तांबे के तारों के पास देखा और तुरंत दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वसीम पठान (20) एवं अमजद खान (19) के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने कबूल किया कि उक्त तांबे के तार रेलवे कॉलोनी, खजांची बाग स्थित भवन RB-1/168 से चोरी किए गए थे। मौके से लगभग 4 किलोग्राम जला हुआ तांबे का तार, जिसकी कीमत करीब ₹5,000, है, उसे वीडियोग्राफी के साथ जब्त किया गया। आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर चोरी का स्थल भी प्रदर्शित कराया गया। आरपीएफ ने दोनों के विरुद्ध धारा 3(अ) रेल संपत्ति अनधिकृत कब्ज़ा (रोकथाम) अधिनियम, 1966 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया है। प्राथमिक जांच में इनके अपराधिक रिकॉर्ड की पुष्टि के बाद उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया गया और उनके परिजनों को सूचना दी गई। मामले की जांच उपनिरीक्षक अवधेश कुमार द्वारा जारी है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि भोपाल मंडल में चोरी, तस्करी और असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए आरपीएफ और वाणिज्य विभाग के बीच समन्वित गश्त एवं खुफिया निगरानी को और सशक्त किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *