गांधीनगर पुलिस ने 58.5 लीटर अवैध शराब के साथ तस्कर को दबोचा

भोपाल। पुलिस आयुक्त संजय कुमार सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों और शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गांधीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 58.5 लीटर अवैध शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपायुक्त जोन-4 आदर्श कांत शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार पाठक एवं सहायक पुलिस आयुक्त निशातपुरा अक्षय चौधरी के मार्गदर्शन में माइक्रो बीट स्तर पर जनसंवाद के दौरान प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

एयरोसिटी रोड पर घेराबंदी कर पकड़ा आरोपी

थाना गांधीनगर को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति नीले रंग की एक्टिवा से अवैध शराब की तस्करी करते हुए एयरोसिटी रोड से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विजेन्द्र मर्सकोले के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर एयरोसिटी रोड पर रवाना किया गया।

पुलिस टीम ने एयरोसिटी ब्रिज के पास संदिग्ध वाहन की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर चालक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम जगदीश कुमार प्रियानी उर्फ जग्गू (51 वर्ष) निवासी शिवाजी वार्ड, गांधीनगर, भोपाल बताया।

325 क्वार्टर देशी शराब बरामद

आरोपी की एक्टिवा पर रखे दो प्लास्टिक के थैलों की तलाशी लेने पर एक थैले में 275 तथा दूसरे में 50 क्वार्टर देशी मदिरा मिले। कुल 325 क्वार्टर अर्थात 58.5 लीटर अवैध देशी शराब बरामद हुई।

आरोपी शराब के परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब एवं एक्टिवा वाहन जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज

आरोपी के विरुद्ध थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 267/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई है।

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड

आरोपी जगदीश कुमार प्रियानी के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, धमकी एवं कोविड नियमों के उल्लंघन से संबंधित मामले शामिल हैं।

सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विजेन्द्र मर्सकोले, उप निरीक्षक अयाज चांदा, प्रधान आरक्षक मोहन श्रेष्ठ, आरक्षक पंकज बैरागी, सुनील वर्मा, रोहित चंद्रवंशी तथा महिला आरक्षक पूनम राजपूत की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *