भोपाल में सनसनी: पिता ने बेटे पर चलाई गोली, अशोका गार्डन पुलिस ने चंद घंटों में दबोचा

भोपाल। राजधानी के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में बेटे पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी .315 बोर रायफल, तीन जिंदा कारतूस और एक कार जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, फरियादी राज चौरसिया ने अपने पिता शांति स्वरूप चौरसिया उर्फ बंटी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी पिता पारिवारिक विवाद के चलते अक्सर घर आकर झगड़ा और मारपीट करता था तथा रंजिश रखता था।

घटना 11 मई की रात करीब 10:45 बजे की है, जब फरियादी अपने घर के पास बालकनी में फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान आरोपी पिता वहां पहुंचा और जान से मारने की नीयत से उस पर लाइसेंसी रायफल से फायर कर दिया। गोली फरियादी को छूते हुए निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया। शोर मचाने पर आरोपी मौके से कार लेकर फरार हो गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त जोन-1 अखिल पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रश्मि अग्रवाल दुबे एवं सहायक पुलिस आयुक्त उमेश तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अनुराग लाल ने टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी शांति स्वरूप चौरसिया (53) निवासी सुभाष कॉलोनी, अशोका गार्डन को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *