लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर जंबूरी मैदान में होगा महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सम्मेलन को करेंगे संबोधित, 2.5 लाख से अधिक महिलाओं के शामिल होने की संभावना

 

भोपाल। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर 31 मई को राजधानी भोपाल के जंबूरी मैदान में होने जा रहे विशाल महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक को मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी महेन्द्र सिंह और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने संबोधित किया।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के सम्मान के लिए “ऑपरेशन सिंदूर” जैसे निर्णायक कदम उठाए। उन्होंने पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि जब बहन से कहा गया कि “मोदी को बता देना”, तब प्रधानमंत्री ने दुश्मनों को उनके घर में घुसकर मारा।

उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने न्यायप्रिय शासन, जातिवाद से परे भील बटालियन का गठन, विधवा विवाह की शुरुआत और महेश्वर साड़ी निर्माण जैसे कदमों से महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश की। मोदी सरकार उन्हीं आदर्शों पर चलते हुए महिलाओं को स्वाबलंबी और सशक्त बना रही है।

विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि जिस बैठक की व्यवस्था इतनी विराट है, उस सम्मेलन की भव्यता सहज ही कल्पनीय है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में लगभग 2.5 लाख बहनें शामिल होंगी और संपूर्ण व्यवस्था मातृशक्ति के हाथों में होगी। उन्होंने इसे इतिहास रचने वाला आयोजन बताया।

प्रदेश प्रभारी महेन्द्र सिंह ने कहा कि वैदिक काल से लेकर आज तक नारी शक्ति ने हर युग में नेतृत्व किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने की दिशा में कई ऐतिहासिक पहल की हैं। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर में महिला सैन्य अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अब इस महासम्मेलन की संपूर्ण जिम्मेदारी भी महिलाएं ही निभाएंगी।

संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर एक सामान्य महिला से लोकमाता बनीं, यह उनके कार्यों का ही परिणाम है। उन्होंने भाषाओं के विकास के लिए त्रिभाषा सूत्र दिया, सेना को आधुनिक बनाया और न्याय की मिसाल कायम की। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकारें भी नारी को नारायणी बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

कार्यक्रम का संचालन मंत्री कृष्णा गौर ने किया और आभार महापौर मालती राय ने व्यक्त किया। मंच पर विश्वास सारंग, आलोक शर्मा, सीमा सिंह जादौन, कांतदेव सिंह, भगवानदास सबनानी, रामेश्वर शर्मा, राहुल कोठारी, माया नारोलिया, मालती राय, ध्रुवनारायण सिंह, महेंद्र सिंह यादव, रविन्द्र यति, नेहा बग्गा, वंदना जाचक सहित अनेक नेता उपस्थित थे। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *