क्राइम न्यूज,भोपाल।
सुखी सेवनिया पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक सनसनीखेज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को मात्र 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने अपनी पत्नी पर चरित्र संदेह के चलते कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया था। 20 मई को फरियादिया अपने पति छगनलाल यादव के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम प्रेमपुरा से गीतगढ़ जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गई थी। दोपहर करीब 12 बजे पति-पत्नी के बीच चरित्र संदेह को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर छगनलाल ने गुस्से में अपनी पत्नी के सिर के पीछे कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ी। गंभीर रूप से घायल महिला को छोड़कर आरोपी फरार हो गया। 21 मई को यशवी अस्पताल, भोपाल से सुखी सेवनिया थाने को घटना की जानकारी मिली। पुलिस ने तुरंत फरियादिया के बयान दर्ज किए। सुखी सेवनिया पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मुखबिरों की सूचना के आधार पर गीतगढ़ जंगल में घेराबंदी कर आरोपी छगनलाल यादव (45) निवासी ग्राम प्रेमपुरा को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।