तिरंगा यात्रा देश की एकता और संकल्प शक्ति का प्रतीक: रविन्द्र यति

प्रदेश संगठन महामंत्री और जिलाध्यक्ष तिरंगा यात्रा में हुए शामिल

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और भोपाल जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति ने गुरुवार को गोविन्दपुरा में आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल होकर जनसमुदाय को संबोधित किया। राजधानी भोपाल के उत्तर, मध्य और दक्षिण पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों के कई मंडलों में भी भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया।

प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक शर्मा उत्तर विधानसभा के विभिन्न मंडलों में, प्रदेश महामंत्री और विधायक भगवानदास सबनानी दक्षिण पश्चिम विधानसभा के मंडलों में, जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति गोविन्दपुरा और मध्य विधानसभा में, पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंह मध्य विधानसभा में और महापौर मालती राय गोविन्दपुरा, उत्तर और मध्य विधानसभा की यात्राओं में शामिल रहीं। गोविन्दपुरा विधानसभा की यात्रा में मंत्री कृष्णा गौर, जिला प्रभारी महेन्द्र यादव और महापौर मालती राय भी उपस्थित रहीं।

प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने कहा कि 1857 से 1947 तक देश ने स्वतंत्रता के लिए लंबा संघर्ष किया। हजारों वीर सपूतों ने बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से कम समय में दुश्मन को परास्त कर दुनिया को अपनी सैन्य शक्ति का परिचय दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रणनीति के चलते भारत ने चार दिन में आतंकवादियों और उनके आकाओं को करारा जवाब दिया।

प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक शर्मा ने उत्तर विधानसभा की यात्रा में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान को उसकी ही ज़मीन पर मुंहतोड़ जवाब दिया। इससे हर भारतीय गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने कहा कि इस अभियान ने दुनिया को भारत की सैन्य शक्ति, एकजुटता और अत्याधुनिक हथियारों की ताकत का अहसास कराया।

भोपाल जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेना ने पाकिस्तान को घर में घुसकर मारा और चार दिन में घुटनों पर ला दिया। यह सेना के पराक्रम और नेतृत्व की क्षमता का परिचायक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा सेना के शौर्य, साहस और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के सम्मान में निकाली जा रही है, जो देश की एकता और संकल्प शक्ति का प्रतीक है।

तिरंगा यात्रा के दौरान वीर जवानों की धर्मपत्नियों को सिंदूर, शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। हजारों की संख्या में महिलाओं, एनसीसी कैडेट्स और स्कूली छात्रों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय के नारे लगाए और यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *