देवी अहिल्याबाई के सुशासन को आगे बढ़ा रहे प्रधानमंत्री मोदी: विष्णुदत्त शर्मा
देवी अहिल्या बाई की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में 21 से 31 मई तक होगा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन- रविंद्र यति
भोपाल। देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा भोपाल मध्य विधानसभा क्षेत्र में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा न्यू कैंपियन स्कूल, ग्यारह सौ क्वार्टर से प्रारंभ होकर देवी अहिल्याबाई होल्कर चौराहे पर संपन्न हुई।प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा और जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने इस शोभायात्रा में भाग लिया और श्रद्धांजलि अर्पित की। शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर ने अपने शासनकाल में आदर्श सुशासन की मिसाल पेश की थी, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण की दिशा में अहिल्याबाई की परंपरा को आगे ले जा रही है। जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने बताया कि 21 से 31 मई तक देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 31 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल में आयोजित महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन को संबोधित करेंगे, जिसमें दो लाख से अधिक महिलाएं शामिल होंगी। रविंद्र यति ने यह भी बताया कि अहिल्याबाई ने अपने शासनकाल में सैनिकों की विधवाओं और वीरांगनाओं के सशक्तिकरण के लिए महेश्वर साड़ी के उत्पादन को प्रोत्साहित किया था। इसी तर्ज पर आज भाजपा सरकारें स्व-सहायता समूहों और महिला कल्याण की योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को स्वावलंबी बना रही हैं। शोभायात्रा में शामिल जनता और कार्यकर्ताओं का उत्साह इस बात का संकेत है कि प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए शहर पूरी तरह तैयार है।इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यति, महापौर मालती राय, पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह, विकास विरानी, नगर निगम महामंत्री किशन सूर्यवंशी, सरिता देशपांडे, नेहा बग्गा, सुनील पांडे, सुरजीत सिंह चौहान, शैतान सिंह, कार्यक्रम संयोजक अनिल पचौरी, जिला उपाध्यक्ष सतीश विश्वकर्मा, अशोक सैनी, राजेंद्र गुप्ता, राजकुमार विश्वकर्मा, अश्वनी राय, राहुल राजपूत, युवा मोर्चा अध्यक्ष अजय पाटीदार, प्रवीण प्रेमचंदानी, महिला मोर्चा अध्यक्ष वंदना जाचक समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और मातृशक्ति की भागीदारी रही।