देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर भाजपा का 10 दिवसीय अभियान, प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित

भोपाल, 14 मई।
भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी महेन्द्र सिंह और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यशाला को संबोधित किया। यह कार्यशाला देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर 21 से 31 मई तक आयोजित होने वाले प्रदेशव्यापी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी।

इस अवसर पर अहिल्याबाई होल्कर के सामाजिक योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया और महापुरुषों को माल्यार्पण किया गया।

शिवप्रकाश ने कहा कि रानी अहिल्याबाई का जीवन त्याग, सेवा और न्याय की मिसाल रहा है। उन्होंने कहा कि सेना के आवागमन से फसलों को होने वाले नुकसान के लिए मुआवजे का प्रावधान करने से लेकर महिलाओं के रोजगार हेतु महेश्वर साड़ी उद्योग की स्थापना तक, उनके कार्यों को स्थानीय उदाहरणों के साथ जनता के बीच ले जाना होगा। शिवप्रकाश ने रानी अहिल्याबाई को विक्रमादित्य और हर्षवर्धन की परंपरा की कड़ी बताते हुए कहा कि जब पश्चिमी देशों में महिलाओं को वोट देने का अधिकार भी नहीं था, तब भारत में अहिल्याबाई जैसी महिला शासन चला रही थीं।

विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि रानी अहिल्याबाई ने कठिन परिस्थितियों में सुशासन का आदर्श प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकारें उनके सुशासन मॉडल को आज लागू कर रही हैं। अहिल्याबाई की सोच में ‘वूमन लीड डेवलपमेंट’ का विचार शामिल था, जिसे आज भाजपा सरकारें मूर्त रूप दे रही हैं।

महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अहिल्याबाई होल्कर के सपनों को पूरा कर रहे हैं। उन्होंने चारों धामों और हजारों मंदिरों के जीर्णोद्धार, जल जीवन मिशन, गरीबों के लिए अन्न क्षेत्र की व्यवस्था और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से भारत को सांस्कृतिक रूप से समृद्ध किया है।

हितानंद ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर आयोजित यह अभियान सांस्कृतिक गौरव यात्रा है। उन्होंने बताया कि 21 से 31 मई तक विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, नगरीय और ग्रामीण निकायों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सेमिनार, नाट्य प्रस्तुतियां, शोभायात्राएं, प्रदर्शनियां और महिला जनप्रतिनिधियों के सम्मेलन जैसे आयोजनों के माध्यम से जनता को उनके योगदान से अवगत कराया जाएगा।

पूर्व मंत्री और विधायक अर्चना चिटनीस ने कहा कि अहिल्याबाई का स्मरण हमें केवल स्वप्नदृष्टा नहीं, संकल्पदृष्टा बनाएगा। उन्होंने महिला, समाज, संस्कृति और धर्म के सशक्तिकरण के लिए अपने जीवन को समर्पित किया।

मंच संचालन अश्विनी परांजपे ने किया और आभार महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद माया नारोलिया ने व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज जोशी, प्रदेश प्रवक्ता व सांसद सुमेर सिंह सोलंकी और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रज्ञा त्रिपाठी मंचासीन रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *