प्रभात जी ने हमेशा आदर्श कार्यकर्ता का जीवन बिताया-सुमित पचौरी

प्रभात झा जी के बताए मार्ग पर चलकर पहुंची महापौर पद तक-मालती राय

भाजपा जिला कार्यालय में स्वर्गीय प्रभात झा को कार्यकर्ताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित कर किया याद

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा की श्रद्धांजलि सभा मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित की गयी। जिला पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने झा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनको याद किया। भारतीय जनता पार्टी के भोपाल जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि भोपाल जिलाध्यक्ष बनने के बाद मैं प्रभात जी के पास पहुंचा और उन्होंने अपना आशीर्वाद देते हुए कहा कि तुम सबसे छोटे उम्र के जिला अध्यक्ष बनें हो, सभी को साथ लेकर चलना होगा। अपनी हिम्मत को कभी हारने मत देना। नगर निगम चुनाव के दौरान झा ने कहा कि मेहनती कार्यकर्ताओं को टिकट दिया है, यह जरूर जीतकर आयेंगे। पचौरी ने कहा कि प्रभात झा जी ने हमेशा आदर्श कार्यकर्ता के रूप में जीवन बिताया। लोक कल्याण और जनता के हित के लिये सदैव कार्य करते रहे। प्रभात जी का मार्गदर्शन हम कार्यकर्ताओं को हमेशा मिलता रहा है। उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

महापौर मालती राय ने कहा कि वर्ष 1994 में प्रभात झा मीडिया प्रभारी रहते हुए मैं जिला महामंत्री थी। मुझसे प्रभात जी ने कहा था कि आप जैसे लोग नगर निगम में होने चाहिए। उनके बताए मार्ग पर चलकर कई वर्षों बाद आज मैं महापौर के पद पर हूं। उन्होंने प्रदेश भाजपा संगठन को सुदृढ़ता के नये आयाम तक पहुंचाने और अनेक कार्यकर्ताओं को भाजपा के माध्यम से राष्ट्रसेवा एवं समाजसेवा से जोड़ने में आपका उल्लेखनीय योगदान रहा है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें। गहन दुःख की इस घड़ी में शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें। जिला महामंत्री रविंद्र यति, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अशोक सैनी एवं सतीश विश्वकर्मा ने भी स्वर्गीय प्रभात को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए याद किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, पार्षद सहित कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *