एमपी नगर में 12.76 ग्राम एमडी के साथ युवक गिरफ्तार, ग्राहक का कर रहा था इंतजार

क्राइम ब्रांच ने यस बैंक के सामने खाली मैदान से पकड़ा, करीब 3.82 लाख रुपये का मशरूका जब्त; मोबाइल से खंगाला जा रहा सप्लाई नेटवर्क

 भोपाल। भोपाल क्राइम ब्रांच ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एमपी नगर जोन-1 में यस बैंक के सामने स्थित खाली मैदान से एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 12.76 ग्राम एमडी जैसा मादक पदार्थ और सैमसंग कंपनी का एंड्रॉइड मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त मशरूका की कीमत करीब 3 लाख 82 हजार 800 रुपये बताई गई है। एडिशनल डीसीपी क्राइम शैलेंद्र सिंह चौहान के अनुसार, क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि यस बैंक के सामने खाली मैदान में एक युवक एमडी ड्रग्स लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अम्मार राजा (29), निवासी बिलकिस जहां की गली, ओल्ड सेफिया कॉलेज रोड, थाना कोतवाली, भोपाल बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 12.76 ग्राम एमडी जैसा पदार्थ और सैमसंग कंपनी का एंड्रॉइड मोबाइल फोन मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस मोबाइल फोन की जांच कर मादक पदार्थ के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस को पूछताछ और मोबाइल की जांच में इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में सुराग मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *