एक महीने से अधिक समय तक तलाश में जुटी भोपाल पुलिस को सफलता, 9 राज्यों में 2500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले; मुगलिया छाप के पास पुलिस से भिड़ा आरोपी, शॉर्ट एनकाउंटर में घायल
भोपाल। रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में फरार चल रहे घरेलू केयरटेकर वरुण वाल्मीकि को भोपाल पुलिस ने आगरा के पास से गिरफ्तार कर लिया है। क्राइम ब्रांच, जोन-1 और एसआईटी की संयुक्त टीम ने एक महीने से अधिक समय तक लगातार तलाश और निगरानी के बाद आगरा-मथुरा मार्ग पर घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पुलिस के अनुसार, भोपाल लाते समय मुगलिया छाप के पास आरोपी ने पुलिस हिरासत से भागने और पिस्टल छीनने का प्रयास किया। इस दौरान हुई झड़प में वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, 29 और 30 सितंबर की दरमियानी रात रातीबड़ थाना क्षेत्र के सूरज नगर स्थित आवास में 70 वर्षीय रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। शुरुआती जांच में उनके यहां केयरटेकर के रूप में काम करने वाला वरुण संदिग्ध मिला। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज में वह रात करीब 2.30 बजे घर से निकलता दिखाई दिया। आगे की फुटेज खंगालने पर वह सुबह करीब 4.12 बजे रेलवे स्टेशन पर केरल एक्सप्रेस में सवार होता नजर आया। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
आरोपी की तलाश के लिए भोपाल पुलिस ने क्राइम ब्रांच और विभिन्न थानों की एक दर्जन से अधिक टीमें लगाईं। मध्यप्रदेश के अलावा उत्तरप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तराखंड और कर्नाटक सहित नौ राज्यों में उसकी तलाश की गई। इस दौरान 2500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और सौ से ज्यादा संदिग्धों, परिचितों तथा रिश्तेदारों से पूछताछ की गई। पुलिस टीमों ने ग्वालियर, आगरा, मथुरा और वृंदावन में अलग-अलग वेशभूषा में रहकर भी निगरानी की। आरोपी की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
जांच में सामने आया कि वरुण को भोपाल की वर्मा होम हेल्थकेयर एजेंसी के माध्यम से राकेश अग्रवाल के घर पर केयरटेकर के काम पर रखा गया था। हत्या के बाद वह ट्रेन से फरार हो गया था। पुलिस ने उसके पूर्व कार्यस्थलों और संपर्कों की भी पड़ताल की। आरोपी की तलाश में ग्वालियर पुलिस, जीआरपी ग्वालियर, सागर पुलिस तथा उत्तरप्रदेश, राजस्थान, पंजाब सहित अन्य राज्यों की पुलिस से भी सहयोग लिया गया।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने मृतक के प्रति नाराजगी और दुर्भावना के चलते हमला करने की बात कही है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर हत्या के कारणों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है। कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान के निर्देश पर डीसीपी जोन-1 अखिल पटेल, क्राइम ब्रांच और जोन-1 के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। रातीबड़ थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा के नेतृत्व में गठित टीमों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।