बढ़ईपुरा-इमामी गेट के नागरिकों ने पुलिस कमिश्नर को बताई थी परेशानी, वाहन मालिकों पर चालानी कार्रवाई
भोपाल। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के रात्रिकालीन जनसंवाद में नागरिकों की समस्याओं पर कार्रवाई का असर दिखाई देने लगा है। बढ़ईपुरा-इमामी गेट क्षेत्र के नागरिकों और महिलाओं ने नूर महल रोड पर सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण जाम लगने की समस्या उठाई थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे खड़े दर्जनों चार पहिया वाहनों को क्रेन से हटवाया।
डीसीपी जोन-3 आयुष गुप्ता ने एसीपी कोतवाली संतोष पटेल, टीआई कोतवाली अपाला सिंह और यातायात पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को क्रेन से हटवाने के साथ वाहन मालिकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की। कार्रवाई के दौरान कई वाहन मालिक मौके पर पहुंचे और भविष्य में सड़क किनारे वाहन खड़े नहीं करने का संकल्प लिया।
जनसंवाद के माध्यम से नागरिकों की समस्याएं सामने आने के बाद पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने का प्रयास किया गया।