1991 में भाजपा से जुड़े, 1996 से प्रदेश मीडिया विभाग में सक्रिय; संगठन और मीडिया प्रबंधन का लंबा अनुभव
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के प्रदेश मीडिया प्रभारी ब्रजगोपाल लोया संगठनात्मक कार्य, मीडिया प्रबंधन, जनसंपर्क और राजनीतिक संवाद के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं। वर्ष 1991 में भाजपा से जुड़ने के बाद उन्होंने केंद्र, शक्तिकेंद्र और सेक्टर स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक विभिन्न संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन किया।
लोया वर्ष 1996 से भाजपा के प्रदेश मीडिया विभाग में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। वर्ष 2003 से 2024 तक विभिन्न चुनावों में उन्होंने मीडिया प्रबंधन सहित अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालीं। वर्ष 2008 के विधानसभा चुनाव में करीब चार माह तक प्रदेश मीडिया सेंटर में सक्रिय रहे। 2009 के लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति के सदस्य रहे। 2017 में मीडिया पैनलिस्ट और प्रवक्ता के रूप में विभिन्न मीडिया चैनलों पर पार्टी का पक्ष रखा तथा 2000 से अधिक डिबेट में सहभागिता का उल्लेख है।
वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें गाडरवारा विधानसभा का प्रभारी बनाया गया। 2023 में जनआशीर्वाद यात्रा के रूट क्रमांक-5 के मीडिया प्रबंधन तथा विधानसभा चुनाव में ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के संभागीय मीडिया सेंटर की जिम्मेदारी संभाली। 2023 से 2026 तक प्रदेश प्रवक्ता के रूप में सक्रिय रहे। 2024 के लोकसभा चुनाव में मुरैना लोकसभा क्षेत्र के मीडिया प्रबंधन तथा विजयपुर विधानसभा उपचुनाव में मीडिया संबंधी दायित्व निभाया। 2026 में दतिया विधानसभा उपचुनाव में भी मीडिया प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाली।
ब्रजगोपाल लोया का जन्म 5 मई 1966 को उदयपुरा, जिला रायसेन में हुआ। उन्होंने एमकॉम की शिक्षा प्राप्त की है। वर्ष 2005 से 2018 तक सेवा सहकारी संस्था, उदयपुरा के अध्यक्ष रहे। वे प्रदेश कार्यसमिति की बैठकों तथा राष्ट्रीय नेतृत्व के कार्यक्रमों में भी मीडिया प्रबंधन और समन्वय की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
वर्तमान दायित्व में लोया पत्रकारों एवं मीडिया संस्थानों से समन्वय, राजनीतिक संवाद तथा पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों के संप्रेषण से संबंधित जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं।