बेसहारा बच्चों के साथ गणेश उत्सव मनाया, हेमंत खण्डेलवाल ने की पूजा-अर्चना

विजय सेवा न्यास से जुड़े बच्चों को घर बुलाकर कराया सहभोज, पढ़ाई और भविष्य के सपनों पर किया संवाद

 

बैतूल/भोपाल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने शनिवार को विजय सेवा न्यास द्वारा गोद लिए गए बेसहारा बच्चों को अपने बैतूल स्थित निवास पर आमंत्रित कर उनके साथ गणेश उत्सव मनाया। बच्चों ने खण्डेलवाल और उनके परिवार के साथ भगवान गणेश की पूजा-अर्चना और आरती की। इसके बाद बच्चों और उनके पालकों के साथ सहभोज किया गया।

इस दौरान खण्डेलवाल ने बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ सेवा के साथ अपनत्व और परिवार जैसा भावनात्मक रिश्ता है और उनकी शिक्षा व उज्ज्वल भविष्य के लिए सहयोग जारी रहेगा।

विजय सेवा न्यास के ‘बेसहारा को सहारा’ प्रकल्प के तहत अब तक 44 परिवारों के 69 बच्चों को संरक्षण दिया गया है। न्यास द्वारा इन बच्चों की कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई की जिम्मेदारी ली गई है। निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की फीस जमा कराने के साथ शासकीय स्कूलों और छात्रावासों में अध्ययनरत बच्चों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है। प्रत्येक बच्चे को शैक्षणिक सामग्री के लिए 2 हजार रुपए तथा उनके पालकों को 20 हजार रुपए की व्यक्तिगत आर्थिक सहायता भी दी जाती है।

न्यास बच्चों की शिक्षा के साथ उनके पालकों को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास भी कर रहा है। विभिन्न त्योहारों और अवसरों पर बच्चों को निवास पर आमंत्रित कर उनके साथ समय बिताना और सहभोज करना भी इस सेवा प्रकल्प का हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *