भोपाल। चिकित्सा और स्वास्थ्य शिक्षा को हिंदी में उपलब्ध कराने की दिशा में मध्यप्रदेश में एक और पहल की गई है। एलएन मेडिकल कॉलेज एवं जेके हॉस्पिटल के चिकित्सक प्रो. डॉ. अभय कुमार चौधरी द्वारा हिंदी में लिखी गई तीन मेडिकल पुस्तकों का विमोचन उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने किया। पुस्तकों का प्रकाशन सीबीएस मेडिकल बुक पब्लिशर, नई दिल्ली ने किया है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने पैरामेडिकल काउंसिल (एलाइड हेल्थ) को इन पुस्तकों को प्रदेश के संबंधित संस्थानों में जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुस्तकें विशेष रूप से पैरामेडिकल कोर्स के विद्यार्थियों को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं, ताकि हिंदी माध्यम के छात्रों को तकनीकी विषयों को समझने में आसानी हो।
विमोचित पुस्तकों में ‘ऑपरेशन कक्ष में कार्यरत तकनीशियन’, ‘एक्स-रे विभाग में कार्यरत तकनीशियन’ और ‘किडनी मरीजों के डायलिसिस में कार्यरत तकनीशियन’ शामिल हैं। डॉ. चौधरी के अनुसार, इन पुस्तकों को तैयार करने में करीब ढाई वर्ष का समय लगा। किताबों में अस्पतालों में कार्यरत तकनीशियनों और पैरामेडिकल विद्यार्थियों के लिए उपयोगी जानकारी सरल हिंदी में दी गई है।