भोपाल। टीला जमालपुरा पुलिस ने नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर महिला को महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी महिला के पास से चोरी किए गए 2 लाख 30 हजार रुपये नगद भी बरामद कर लिए हैं।
फरियादी सुजाकत अली निवासी बाग मुफ्ती साहब ने थाना टीला जमालपुरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 मार्च को उन्होंने अपने व्यवसाय के 2.30 लाख रुपये कमर में बांधने वाले बैग में रखकर गोदरेज अलमारी में रख दिए थे। दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति कमरे का ताला और अलमारी का लॉकर तोड़कर बैग सहित नगदी चोरी कर ले गया। पुलिस टीम ने आसपास लगे 80 से 90 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिनमें एक संदिग्ध महिला दिखाई दी।
पुलिस ने पहचान के आधार पर रजिया उर्फ रजिया बानो (38) निवासी जनता कॉलोनी ऐशबाग को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी महिला ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके पास से चोरी की पूरी 2.30 लाख रुपये की रकम बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार आरोपी महिला थाना ऐशबाग की निगरानी बदमाश है और उसके खिलाफ भोपाल के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी और अन्य अपराधों के करीब 27 मामले दर्ज हैं। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है, जिससे अन्य चोरी की घटनाओं के खुलासे की भी संभावना है।