बजट 2026: विकसित भारत का ‘विजन डॉक्यूमेंट’, मध्य प्रदेश के आर्थिक विकास के खोलेगा नए द्वार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने गिनाईं बजट की खूबियां; बोले- यह बजट एमपी के लिए ‘वरदान’

भोपाल। मुख्यमंत्री मोहन यादव और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने मंगलवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार, भोपाल में केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर आयोजित पत्रकार-वार्ता को संबोधित किया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश प्रभारी महेन्द्र सिंह तथा उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रस्तुत केंद्रीय बजट विकसित भारत के संकल्पों को साकार करने वाला है और यह मध्यप्रदेश के आर्थिक, औद्योगिक तथा सामाजिक विकास के लिए ऐतिहासिक अवसर सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि पूंजीगत व्यय में वृद्धि से शहरी विकास और लॉजिस्टिक्स इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी, जिससे प्रदेश की आर्थिक रफ्तार तेज होगी। यह बजट सतत आर्थिक विकास के साथ जन-अपेक्षाओं को पूरा करने वाला है और उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट केवल वित्तीय प्रावधानों का संकलन नहीं, बल्कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर आधारित विकास का संरचित रोडमैप है। इससे मध्यप्रदेश को सुदृढ़ वित्तीय आधार मिलेगा और निवेशकों का भरोसा और मजबूत होगा। बजट के प्रावधानों से प्रदेश में निवेश, उद्योग स्थापना, रोजगार सृजन, निर्यात और उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि बायोफार्म शक्ति योजना, सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 और लेगेसी इंडस्ट्रियल क्लस्टर्स के पुनर्जीवन से मध्यप्रदेश ज्ञान आधारित और हाईटेक अर्थव्यवस्था की ओर तेजी से आगे बढ़ेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट में महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सेवा क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता दी गई है। महिला छात्रावासों की स्थापना, लखपति दीदी योजना और स्वास्थ्य व सेवा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर प्रशिक्षण से नारी शक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त किया जाएगा। साथ ही सिटी इकोनॉमिक रीजन के माध्यम से शहरी क्षेत्रों में नियोजित आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 विकसित और आत्मनिर्भर भारत का विजन डॉक्यूमेंट है। इसमें गरीब, युवा, नारी शक्ति, अन्नदाता, मध्यम वर्ग और उद्यमियों के कल्याण व सशक्तिकरण के व्यापक प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म की भावना को दर्शाता है और आने वाले 10–20 वर्षों में देश की दिशा तय करने वाला सिद्ध होगा।

खण्डेलवाल ने कहा कि राजकोषीय घाटा घटाने का रोडमैप, 12.2 लाख करोड़ रुपये का कैपिटल एक्सपेंडिचर, हाई-स्पीड कॉरिडोर्स, सेमीकंडक्टर मिशन में निवेश और स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार जैसे प्रावधान देश को वैश्विक अर्थव्यवस्था में अग्रणी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इससे मध्यप्रदेश को भी व्यापक लाभ मिलेगा और राज्य को उद्योग, निवेश, रोजगार और सेवाओं के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित होने में सहायता मिलेगी।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट राष्ट्र निर्माण की भावना से प्रेरित है और यह सशक्त भारत की नींव को और मजबूत करेगा। पत्रकार-वार्ता में पार्टी के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल और जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति भी मंचासीन रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *