भोपाल। थाना गौतम नगर क्षेत्र में एक दर्दनाक और लापरवाही से जुड़ा मामला सामने आया है, जहां घर में छिपाकर रखी गई अवैध लोडेड पिस्टल से दुर्घटनावश चली गोली लगने से 12 वर्षीय बालक इब्राहिम की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पिता रिजवान को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध पिस्टल जब्त कर ली है, जबकि हथियार उपलब्ध कराने वाला उसका बहनोई वाहिद नूर फरार है।
पुलिस के अनुसार 31 जनवरी 2026 की रात हमीदिया अस्पताल से सूचना प्राप्त हुई थी कि इब्राहिम नामक बालक को उसके चाचा रेहान गंभीर हालत में इलाज के लिए लेकर आए हैं। बालक के सिर में फायर आर्म से चोट थी और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कराया और फॉरेंसिक टीम की मदद से भौतिक साक्ष्य एकत्र किए। जांच में सामने आया कि जिस स्थान की जानकारी परिजनों द्वारा दी गई थी, वह वास्तविक घटनास्थल नहीं था। साक्ष्यों, गवाहों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि घटना घर के कमरे के अंदर हुई थी, जहां मृतक के पिता रिजवान द्वारा अवैध रूप से लोड कर रखी गई पिस्टल बच्चे के हाथ लग गई और दुर्घटनावश फायर हो गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि उक्त अवैध पिस्टल और एक अन्य हथियार रिजवान को उसके बहनोई वाहिद नूर द्वारा पूर्व में दिए गए थे, जिन्हें लापरवाहीपूर्वक घर में छिपाकर रखा गया था। उस समय घर में रेनोवेशन का कार्य चल रहा था, इसी दौरान पिस्टल बच्चे के हाथ में आ गई। घटना के बाद रिजवान द्वारा घटनास्थल से छेड़छाड़ कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास भी किया गया।
पुलिस ने आरोपी रिजवान को तत्काल गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व से भी आपराधिक प्रकरण दर्ज होना पाया गया है। वहीं, हथियार उपलब्ध कराने वाला वाहिद नूर पूर्व के गंभीर आपराधिक मामलों में भी फरार चल रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
यह घटना न केवल अवैध हथियार रखने की गंभीरता को उजागर करती है, बल्कि घर में लापरवाही से रखे गए हथियारों से मासूम जान को होने वाले खतरे की भयावह तस्वीर भी सामने रखती है।